राजगढ़ः परमा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
राजगढ़, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में हाइवे स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में गुरुवार को अधिक मास की परमा एकादशी का पर्व श्रद्वाभाव से मनाया गया। इस पर्व पर खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा और शहर पूरी तरह श्याम भक्ति में डूबा नजर आया।
मंदिर समिति के अनुसार बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना का आशीर्वाद लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयघोष से गूंजता रहा। परमा एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया। फूलों की आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और विद्युत झालरों से सजे मंदिर ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंगला आरती से लेकर रात्रि आरती तक दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
शहर के विभिन्न मोहल्लों और आसपास के गांवों से भव्य निशान यात्राएं भी निकाली गईं। ढोल- नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किए। शहर की पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन, प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तथा दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित दर्शन कराने में सहयोग किया। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पेयजल, छाया, प्रसाद वितरण और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। दिनभर भजन-कीर्तन, विशेष पूजन और आरतियों का दौर चलता रहा। परमा एकादशी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर की सामाजिक एकता और सामूहिक श्रद्धा का भी प्रतीक बनकर उभरा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक