पन्ना में ई-रिक्शा को पिकअप ने मारी टक्कर, 9 मजदूर घायल, सारंगपुर से मजदूरी कर लौट रहे थे

 


पन्ना, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शाहनगर थाना क्षेत्र के लुधगवां मोड़ के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार नौ मजदूर घायल हो गए। इनमें से सात की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया। सभी घायल परसवारा गांव के निवासी बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सभी सारंगपुर में दिनभर मजदूरी करने के बाद ई-रिक्शा से अपने गांव परसवारा लौट रहे थे। इसी दौरान वैष्णो माता पहाड़ी के समीप लुधगवां मोड़ पर पीछे से आ रहे टाटा लोडर पिकअप क्रमांक एमएच 48 बीएम 2432 ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और शाहनगर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। आरक्षक रविन्द्र, सोहन भिलाला और अनुज ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की पहचान देवकुमार, संतकुमार, दीपक, विनोद कुमार, प्रिया, राजकुमार, शिवकली, केशकली और निर्भय सिंह के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया।

इधर, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। शाहनगर पुलिस ने पीछा कर खडौला स्थित पेट्रोल पंप के पास पिकअप को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में प्रधान आरक्षक ईश्वरदयाल, हेमंत रावत और आरक्षक राकेश ने घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे