दतियाः हनुमान जन्मोत्सव से शुरू होगा पण्डोखर धाम महोत्सव, 2 से 22 अप्रैल तक होंगे भव्य आयोजन

 




दतिया, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ पण्डोखर धाम में इस वर्ष 30वें वार्षिक पण्डोखर धाम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर होगी, जबकि समापन 22 अप्रैल को आद्य शंकराचार्य जयंती पर किया जाएगा।

पण्डोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।

पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक एवं सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 2 अप्रैल को हनुमान प्राकट्योत्सव के अवसर पर विशेष आरती के साथ भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो पुष्पवती तट से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए यज्ञ प्रक्षेत्र पहुंचेगी।

कलश यात्रा में बुंदेलखंड की पारंपरिक शस्त्रकला, लेजम अखाड़ों के प्रदर्शन, डमरू दल के भक्ति नृत्य और आकर्षक झांकियों के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकाली जाने वाली यह यात्रा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

महोत्सव के दौरान गुरुशरण महाराज के मुख्य यजमानत्व में नवकुंडीय श्रीराम महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसकी पूर्णाहुति 12 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ की जाएगी।

यज्ञाचार्य पं. उमाशंकर शास्त्री के निर्देशन में 11 विद्वान आचार्य विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।

धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला चलेगी। 2 से 9 अप्रैल तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन पं. विनोद शास्त्री द्वारा किया जाएगा। इसके बाद 10 से 14 अप्रैल तक बृजरज अभिषेक वशिष्ठ द्वारा श्रीहनुमत कथा और सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. पवन शास्त्री द्वारा श्रीराम कथा का आयोजन होगा।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रामलीला मंचन, भजन संध्या, बुंदेली लोकगीत, राई नृत्य, मोनिया लोकनृत्य, भोजपुरी नाइट, अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन, रासलीला, मलखंभ प्रदर्शन और नाट्य मंचन जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस 20 दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालु, शिष्य और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा