जबलपुर: पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी के विरोध में अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
जबलपुर, 27 जून (हि.स.)। शहर के घंटाघर स्थित ओमती थाना में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर नाजिया इलाही खान और एक पॉडकास्ट की होस्ट दिव्या सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक पॉडकास्ट के दौरान नाजिया इलाही खान ने इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के संबंध में कथित रूप से अपमानजनक, अशोभनीय और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां की थीं, जिन्हें पॉडकास्ट की होस्ट दिव्या सिंह द्वारा प्रसारित किया गया।
उनका कहना है कि उक्त वीडियो और उससे जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर भी प्रसारित हो रही है, जिससे मुस्लिम समाज में व्यापक आक्रोश और विरोध की स्थिति बनी हुई है। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि यदि जांच में संबंधित वीडियो, पॉडकास्ट, सोशल मीडिया पोस्ट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री प्रमाणित और सत्य पाई जाती है, तो नाजिया इलाही खान एवं होस्ट दिव्या सिंह के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक