मंदसौरः आउट सोर्स कर्मचारी भर्ती घोटाला सीएमएचओ पर गिरी गाज, विधायक की शिकायत के बाद निलंबित

 


मन्दसौर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स भर्ती को लेकर उठे विवाद ने अब बड़ा प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग की शिकायत के बाद शासन ने गुरुवार को मन्दसौर के सीएमएचओ को निलंबित कर दिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की कमान फिलहाल डॉ. आर.के. द्विवेदी को सौंप दी गई है।

दरअसल, 13 मई 2026 को विधायक हरदीप सिंह डंग ने कलेक्टर मन्दसौर को भेजे अपने शिकायत पत्र में स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स के माध्यम से हो रही नियुक्तियों पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं बरती जा रही हैं तथा कुछ लोग कथित रूप से प्रभाव और दबाव का इस्तेमाल कर अस्पतालों में कर्मचारियों की नियुक्तियां कराने का प्रयास कर रहे हैं।

विधायक ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया था कि कुछ लोगों द्वारा सीधे-साधे युवाओं से मोटी रकम लेने तथा चिकित्सकों पर फोन के माध्यम से दबाव बनाकर अस्पतालों में काम दिलाने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष और सूक्ष्म जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर की अनुशंसा पर शासन ने सीएमएचओ को निलंबित करने की कार्रवाई की। इस फैसले के बाद स्वास्थ्य विभाग में हडकंप की स्थिति है और भर्ती प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच अभी जारी है और यदि शिकायत में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो भर्ती प्रक्रिया में शामिल अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, डॉ. आर.के. द्विवेदी ने सीएमएचओ का प्रभार संभाल लिया है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि दलालों के माध्यम से उगाई की गई है। सुवासरा क्षेत्र में उपस्वास्थ्य केंद्रों पर आउट सोर्स कर्मचारियों की भर्ती चल रही है। इसमें अस्सी हजार से एक लाख तक लिए जाने की चचार्एं है। स्वास्थ्य विभाग में हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चा का विषय यही है कि आखिर आउटसोर्स भर्ती के नाम पर खेल कितना बड़ा था और जांच की आंच अब किन-किन तक पहुंचेगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया