अनूपपुर: जननी एक्सप्रेस के लिए आउटसोर्स चालक ने मांगे रुपये, बीएमओ ने की सेवा समाप्त, स्टाफ नर्स को नोटिस

 




अनूपपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 25 वर्षीय युवक की सर्पदंश से मौत के बाद जननी एक्सप्रेस वाहन उपलब्ध कराने के एवज में 800 रुपये लेने के मामले में रविवार को अनूपपुर बीएमओ ने आउटसोर्स चालक को सेवा समाप्त कर दिया है, जबकि संबंधित स्टाफ नर्स को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।

घटना भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के जमुना कॉलरी के वार्ड नंबर 07 राजावर में 25 वर्षीय अमन सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह, की सर्पदंश के इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें जननी एक्सप्रेस वाहन उपलब्ध कराने के लिए 800 रुपए लिए गए।

अनूपपुर के बीएमओ धनीराम सिंह श्याम ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जब मरीज गंभीर था और परिजन परेशान थे, तो अस्पताल स्टाफ का कर्तव्य था कि तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर मरीज को जिला अस्पताल भेजते। यदि सरकारी एंबुलेंस खराब थी, तो परिसर में मौजूद विधायक मद की जननी एक्सप्रेस में पेट्रोल की व्यवस्था कर उसे भेजा जाना चाहिए था, न कि पैसे लेकर वाहन उपलब्ध कराना। अस्पताल के स्टाफ को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी भी दी।

मृतक अमन सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासी लाया गया था। परिजनों के अनुसार, सुबह युवक ने सांप काटने और सीने में दर्द की शिकायत की थी। परासी अस्पताल में एक स्टाफ नर्स ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, दो घंटे के इलाज के बाद भी युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिसके बाद परिजनों ने स्टाफ से ही वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

परिजनों का आरोप है कि स्टाफ नर्स ने कहा कि सरकारी गाड़ी में देरी होगी और निजी गाड़ी लेने की सलाह दी। इसके बाद 800 रुपए भाड़ा तय हुआ और अस्पताल का ही एक व्यक्ति गाड़ी लेकर जिला चिकित्सालय के लिए रवाना हुआ। बाद में पता चला कि निजी गाड़ी के रूप में परिसर में खड़ी विधायक मद की जननी एक्सप्रेस का ही उपयोग किया गया था, जिसे एक आउटसोर्स चालक चला रहा था। परिजनों का आरोप है दो घंटे तक कोई डॉक्टर नहीं आया, मैडम ने इलाज किया, फिर एंबुलेंस चालक ने जिला अस्पताल तक ले जाने के लिए 800 रुपए लिए और एंबुलेंस भी धीमी गति से चलाई। इससे युवक को समय पर उपचार नहीं मिल सका। एंबुलेंस 108 जिला प्रबंधक रवि वर्मा के अनुसार परासी में एंबुलेंस है लेकिन उस समय पंचर थी, अस्पताल ने विधायक मद वाली जननी एक्सप्रेस वाहन से मरीज पहुंचाया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला