भोपाल में 12 साल की बच्ची की हत्या के बाद भड़का आक्रोश, थाने का घेराव, फास्ट ट्रैक कोर्ट और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में शनिवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के विरोध में स्थानीय नागरिकों के साथ बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बैरागढ़ थाने का घेराव करने के साथ भोपाल-सीहोर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच वारदात वाली रात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बच्ची के साथ जाता और कुछ देर बाद अकेले लौटता दिखाई दे रहा है।
शनिवार काे बच्ची की हत्या से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बैरागढ़ थाने के बाहर नारेबाजी की। कुछ लोगों ने थाने के अंदर घुसने का प्रयास करते हुए मुख्य गेट पर धक्का-मुक्की भी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने थाने के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए, ताकि वे उसे सजा दे सकें। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कानून के तहत सख्त कार्रवाई और मामले की जल्द सुनवाई का भरोसा दिलाया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। इसके अलावा आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलें और त्वरित न्याय के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दें।
भोपाल-सीहोर मार्ग पर दो किमी तक वाहनों की कतार
प्रदर्शन के दौरान भोपाल-सीहोर मार्ग पर चक्काजाम होने से यातायात प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की कतार करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त बल भी बुलाया गया।
गुरुवार रात से लापता थी बच्ची, शुक्रवार को मिला शव
गाैरतलब है कि बैरागढ़ क्षेत्र में रहने वाली 12 वर्षीय बच्ची गुरुवार, 15 अक्टूबर की रात से लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को उसका शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा इमारत में मिला। शुरुआती जांच में बच्ची के साथ यौन हिंसा किए जाने और गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 23 वर्षीय आरोपी मुबीन को गिरफ्तार किया। सामने आए फुटेज में वह बच्ची के साथ जाता और कुछ समय बाद अकेले लौटता दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की पुष्टि
एसीपी रत्नेश तोमर के अनुसार, पुलिस ने हत्या और बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने सहित संबंधित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की पुष्टि हुई है। विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर अतिरिक्त कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़ित परिवार के संपर्क में रहकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रदर्शन के बाद स्थिति पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे