हमारे धर्म में दर्शन है, प्रदर्शन नहीं : दादा गुरु
मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ के आठवें दिन दादा गुरु ने प्रकृति संरक्षण और नर्मदा परिक्रमा का किया आह्वान
छिंदवाड़ा, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ के आठवें दिन बुधवार को दादा गुरु ने भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और मां नर्मदा की आध्यात्मिक महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे धर्म में दर्शन है, प्रदर्शन नहीं। शक्ति और प्रकृति कभी विनाश नहीं करतीं, लेकिन यदि हम प्रकृति को छोड़ देंगे तो प्रकृति भी हमें नहीं छोड़ेगी। इसलिए प्रकृति के साथ जुड़कर जीवन जीना हमारी संस्कृति का मूल भाव है।
दादा गुरु ने राधा तत्व की व्याख्या करते हुए कहा कि राधा शक्ति, ज्ञान और वैराग्य का प्रतीक हैं। धारा केवल प्यास नहीं बुझाती, बल्कि देवत्व को भी प्रकट करती है। यह भक्ति और शक्ति की धारा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के अनेक देश अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर एक-दूसरे को मिटाने की बात कर रहे हैं, जबकि भारत का सामर्थ्य दुनिया को जोड़ने और सबको साथ लेकर चलने में है। भारत ने हमेशा शक्ति प्रदर्शन के बजाय जीवन जीने का दर्शन दुनिया को दिया है।
उन्होंने कहा कि हमारी नदियां केवल जल की धाराएं नहीं, बल्कि जीवंत शक्तियों के स्वरूप हैं। छिंदवाड़ा की धरती जाम, कन्हान, वर्धा, पेंच, वैनगंगा, कुलबेहरा, सीतारेवा, दूधी और तवा जैसी नदियों से समृद्ध है। मां नर्मदा के तट पर प्राचीन जीवाश्म और जीवन के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रमाण मिलते हैं। यह हमारी प्राकृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
वृक्षों में भी होती है संवेदना, प्रकृति से संवाद करना हमारी परंपरा : रविकांत शास्त्री
पंडित रविकांत शास्त्री ने कहा कि जीवन ऐसा जियो कि तुम्हें देखकर दूसरे जीना सीख जाएं और चलो तो ऐसे कि तुम्हें देखकर दूसरे भी चलना सीख जाएं। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान भी मानता है कि वृक्षों में संवेदना होती है। हमारी परंपरा में लाखों वर्षों से आंवला नवमी जैसा पर्व मनाया जा रहा है, जो वृक्षों के महत्व और उनके प्रति हमारी आत्मीयता का प्रतीक है। हमारे ऋषि-मुनियों ने बहुत पहले ही वृक्षों की संवेदनशीलता को समझ लिया था। उन्होंने आंवले के वृक्ष से संवाद करने की परंपरा दी और बताया कि यह वृक्ष परिवार की सुख-समृद्धि एवं प्रसन्नता का आधार बनता है। आंवला नवमी का पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने, वृक्षों का सम्मान करने और उनके संरक्षण का संदेश देता है।
वृक्षारोपण करने वाले युवाओं की सराहना करते हुए दादा गुरु ने कहा कि आप केवल वृक्ष नहीं लगा रहे, बल्कि परमात्मा को स्थापित कर रहे हैं। वृक्ष लगाना प्रकृति की सेवा के साथ ईश्वर की आराधना भी है।
उन्होंने 24 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाली मां नर्मदा परिक्रमा में सभी श्रद्धालुओं और परिवारों से सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा स्वयं से मिलने, आत्मचिंतन और परमात्मा के साक्षात्कार की साधना है। यदि पूरी परिक्रमा संभव न हो तो कम से कम चार कदम ही मां नर्मदा के पथ पर चलें। मां नर्मदा बुला रही हैं, आइए उनके तट पर चलकर जीवन को नई दिशा दें।
कथा के आठवें दिन गुरु जी, किशनपुर धाम, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, चौधरी चंद्रभान सिंह, भजनलाल चोपड़े, आर एस पटेल, महापौर विक्रम अहके, जिला महामंत्री विजय पांडे, अनुज पाटकर, रमेश पोफली, संजय पटेल, धर्मेंद्र मिगलानी, अभिलाष गौहर, संदीप रघुवंशी, श्रीमती कांता ठाकुर, श्रीमती ललिता वर्मा, श्रीमती किरण खातरकर, श्रीमती नीलू क्षेत्री, श्रीमती सपना पाल, गोपाल यदुवंशी, श्रीपाल चौरिया, कुबेर सूर्यवंशी, दीपक कोल्हे, अनीस पटेल, जुगल यादव, मनीष निर्मलकर, प्रशांत भावरकर, कमल बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर दादा गुरु के आध्यात्मिक प्रवचनों एवं पंडित रविकांत शास्त्री के विचारों का श्रवण किया तथा मां नर्मदा की महिमा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan