मंदसौरः शासकीय महाविद्यालय में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ एवं परिचर्चा का आयोजन
मंदसौर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह अभियान 30 जुलाई तक संपूर्ण मध्य प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. एस. दुबे ने कहा कि समाज में नशे के उन्मूलन एवं छात्र-छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला करता है। युवा शक्ति ही राष्ट्र की रीढ़ है, इसलिए हमारा दायित्व है कि हम नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें।
इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में समस्त विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। शपथ में कहा गया कि हम संकल्प लेते हैं कि हम स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाएंगे। एन.एस.एस. जिला संगठक एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार आर्य ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू, शराब, ड्रग्स के सेवन से न केवल स्वास्थ्य खराब होता है बल्कि करियर और भविष्य भी बर्बाद होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया