ओरछा में होगी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, मई में जुटेंगे दिग्गज नेता

 


भोपाल, 28 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आगामी मई माह में ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित की जाएगी। यह घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार काे भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 की बैठक के दौरान की।

यह बैठक हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली कार्यसमिति बैठक होगी, जिससे संगठनात्मक दृष्टि से इसके खासे मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी रणनीतियों, संगठन विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों की दिशा तय की जाएगी। हालांकि, अभी तक प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की सूची जारी नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिन के भीतर नामों की घोषणा की जा सकती है, जिससे बैठक की तैयारियां और तेज हो जाएंगी।

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय दुबे और प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारी, संभाग एवं जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और प्रशिक्षण महाअभियान से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

प्रशिक्षण महाअभियान पर जोर

बैठक के दौरान पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत संगठन को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षित और सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत हैं, इसलिए महाअभियान को गंभीरता से लागू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे