ऑनलाइन हुई पुलिसकर्मियों की छुट्टी प्रक्रिया, पूरे मध्य प्रदेश में ईएचआरएमएस ई-लीव मॉड्यूल लागू

 


भोपाल, 2 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने पुलिसकर्मियों की सेवा प्रबंधन व्यवस्था को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 से प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में ईएचआरएमएस (इलेक्ट्रॉनिक ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) का ई-लीव मॉड्यूल लागू कर दिया गया है। इसके बाद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अब अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे तथा स्वीकृति और उसकी स्थिति भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि मध्य प्रदेश पुलिस ने जुलाई 2025 से सेवा पुस्तिकाओं के डिजिटलीकरण का अभियान शुरू किया था। इसके तहत एक लाख से अधिक सेवा पुस्तिकाओं की स्कैनिंग कर लगभग एक लाख पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को eHRMS से जोड़ा जा चुका है। वहीं 23 मार्च 2026 से ऑर्डर बुक (O.B.) मॉड्यूल भी शुरू किया गया, जिससे सेवा संबंधी आदेश डिजिटल रूप से सुरक्षित उपलब्ध रहेंगे।

ई-लीव मॉड्यूल को पहले एससीआरबी, कार्मिक शाखा, विशेष शाखा, पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल और 25वीं वाहिनी भोपाल में प्रायोगिक तौर पर लागू किया गया था। सफल परीक्षण और आवश्यक सुधारों के बाद अब इसे प्रदेश की करीब 120 पुलिस इकाइयों में लागू कर दिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मी ईएचआरएमएस पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन संबंधित लीव क्लर्क के जरिए सक्षम अधिकारी तक पहुंचेगा और अधिकारी ऑनलाइन ही उसकी अनुशंसा व स्वीकृति देंगे। कर्मचारी अपनी लॉगिन आईडी से आवेदन की अद्यतन स्थिति भी देख सकेंगे।

प्रदेश में फिलहाल ईएचआरएमएस के ई-लीव मॉड्यूल का उपयोग करने वाले विभागों में पुलिस सबसे बड़ा विभाग बन गया है। इस प्रणाली से 1,01,928 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जुड़े हुए हैं, जिससे अवकाश स्वीकृति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा