राजगढ़ःऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में व्यापारियों की हड़ताल,सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा सहित अन्य नगरों में बुधवार को दवा व्यापारियों और फार्मासिस्टों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में हड़ताल करते हुए अपनी नाराजगी दर्ज कराई। जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन के नेतृत्व में व्यापारियों ने ब्यावरा तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार आनंद जायसवाल को ज्ञापन सौंपा।
हड़ताल के दौरान ब्यावरा शहर की 200 से अधिक मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिसके कारण लोगों को दवाएं लेने में कुछ हद तक परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन मरीजों की सुरक्षा और दवाओं के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
उनका कहना है कि आजकल कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की सहायता से बड़ी संख्या में फर्जी मेडिकल पर्चे तैयार किए जा रहे हैं। इन पर्चों का उपयोग कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से आसानी से दवाएं खरीदी जा रही हैं, जिसमें एंटीबायोटिक, नशीली और मनोप्रभावी दवाएँ शामिल हैं। व्यापारियों के अनुसार मेडिकल स्टोर पर दवा देते समय मरीज, डॉक्टर और पर्चे की सख्त जांच होती है, जबकि ऑनलाइन बिक्री में ऐसी कोई ठोस निगरानी नहीं है। कई मामलों में एक ही पर्चे का बार-बार उपयोग कर दवाएं मंगवाई जा रही हैं, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ने और एंटीबायोटिक के दुरुपयोग का खतरा बढ़ रहा है। यह भविष्य में एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकता है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने सरकार से मांग की कि है कि ऑनलाइन दवा वितरण प्रणाली पर कड़े नियम लागू किए जाएं। बिना सत्यापन दवा बेचने वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सख्त कार्रवाई की जाए। दवा व्यापारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य व्यापार नहीं, बल्कि गलत दवा वितरण पर रोक लगाना और जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक