महाकालेश्वर मंदिर के दोनों अतिथि निवासों की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर से

 


उज्जैन, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित पं. सूर्य नारायण व्यास अतिथि निवास एवं महाकालेश्वर अतिथि निवास की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा 14 सितंबर से प्रारंभ की जा रही है।

प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि दोनों अतिथि निवासों के कमरों की ऑनलाइन बुकिंग महाकालेश्वर मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी। श्रद्धालु अपनी यात्रा की तिथि से एक माह पूर्व कमरा ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। उदाहरण दिया कि-14 अक्टूबर को अतिथि निवास में ठहरने के लिए श्रद्धालु 14 सितंबर से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। अतिथि निवास में ठहरने के लिए अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध होगी। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अतिथि निवास की बुकिंग केवल श्री महाकालेश्वर मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी अनधिकृत व्यक्ति, एजेंट अथवा फर्जी वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग न कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल