राजगढ़ः दो बाइक आपस में टकराई, एक युवक की मौत, तीन घायल
राजगढ़, 11 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सारंगपुर थाना क्षेत्र स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड के सामने सोमवार सुबह तेज रफ्तार में चल रही दो बाइकें आपस में टकरा गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सारंगपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार पहली बाइक पर राहुल (20) पुत्र रघुवीर सिंह सौंधिया निवासी लोहारी थाना ब्यावरा, सचिन (20) पुत्र भंवरलाल और संतोष (21) पुत्र बलवंत सिंह सौंधिया, निवासी ब्यावरा सवार थे। तीनों युवक ब्यावरा से उज्जैन की ओर जा रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार लक्ष्मीनारायण (27) पुत्र अमर सिंह, निवासी तलेन, मजदूरी करने सारंगपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेचिंग ग्राउंड के सामने दोनों बाइक आपस में टकराई गई। हादसे में बाइक सवार युवक चारों युवक घायल हो गए। उपचार के दौरान 20 वर्षीय राहुल सौंधिया ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि राहुल के दोनों हाथ पोलियोग्रस्त होने से कमजोर थे, जिसके कारण वह संतुलन नहीं बना सका और सिर में गंभीर चोटें लगी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाइवे पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक