राजगढ़ः सीमेंट से भरे ट्रॉले ने बाइक को मारी टक्कर, एक व्यक्ति की मौत तीन घायल
राजगढ़, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर फतेहपुर नाला के समीप तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्रॉले ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ट्रॉले के साथ करीब 50 फीट तक घिसटता चला गया। इसके बाद ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में बाइक सवार 51 वर्षीय नंदराम पुत्र बापूलाल बागरी निवासी कोटड़ा, आगरमालवा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉले में सवार पिता-पुत्र और चालक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जीरापुर से खिलचीपुर की ओर जा रहे सीमेंट से भरे ट्रॉला क्रमांक आरजे 09 जीबी 4026 ने फतेहपुर नाला के पास बाइक को टक्कर मारी। हादसे में बाइक के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए। नंदराम का शव ट्रॉले के पास मिला। बताया गया कि नंदराम बेटी के टाइफाइड की झाड़-फूंक के बाद खिलचीपुर स्थित वीरजी महाराज देवस्थान पर प्रसाद चढ़ाकर अपने गांव लौट रहे थे। वहीं ट्रॉले में बावड़ीखेड़ा जोड़ के पास से 42 वर्षीय बालूसिंह पुत्र लालजी मालवीय निवासी शिवनाथपुरा और उनका 10 वर्षीय बेटा सार्थक लिफ्ट लेकर बैठे थे। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। ट्रॉला चालक 35 वर्षीय गोरेलाल पुत्र देवालाल निवासी बामनखेड़ा भी घायल हुआ। आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रॉले की जांच में शराब के क्वार्टर मिलने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया। हालांकि चालक नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच और पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक