मंदसौरः विश्व कैंसर दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने निकाली जन-जागरूकता रैली
मंदसौर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर कैंसर के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय से प्रारंभ हुई इस रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहाँ आमजन को कैंसर की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। रैली के दौरान कैंसर से बचाव के नारों ने शहरवासियों का ध्यान खींचा। सामाजिक कार्यकर्ता एवं मजदूर संघ अध्यक्ष करण सिंह परिहार और जगदीश खींची ने जोशीले अंदाज में नारे लगवाकर लोगों को जागरूक किया। रैली का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि यदि कैंसर की पहचान शुरूआती चरणों में हो जाए, तो यह पूरी तरह इलाज योग्य है।
इस गरिमामयी आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से सम्मिलित हुए, जिनमें सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत, एनसीडी (ठउऊ) नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी, जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप और सहायक एनसीडी नोडल अधिकारी श्री महेश धनोतिया शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू-शराब से दूरी और नियमित व्यायाम कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ-साथ बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं और मजदूर संघ समिति के सदस्यों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर कैंसर से डरना नहीं, लड़ना है जैसे नारों के साथ समाज को एकजुट होने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया