अनूपपुर: नौतपा के चौथे दिन अमरकंटक में बदला मौसम, गरज-चमक के साथ आधे घंटे हुई बारिश,तापमान गिरा

 


अनूपपुर, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक-आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दोपहर बाद गरज-चमक एवं तेज हवाओं के साथ लगभग आधे घंटे तक हुई वर्षा से वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

नौतपा के प्रभाव के बीच अचानक बदले मौसम के कारण अमरकंटक का अधिकतम तापमान घटकर 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिनों की तुलना में तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहावना बना रहा। वहीं शुद्ध वायु सूचकांक (AQI) 81 दर्ज किया गया, जो स्वच्छ एवं बेहतर वायु गुणवत्ता को दर्शाता है।

गुरुवार दोपहर से ही अमरकंटक के आसमान में काले बादलों का जमाव शुरू हो गया था। इसके बाद गरज-चमक के साथ वर्षा आरंभ हुई, जिससे नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह बदल गया। हल्की ठंडी हवाओं और बारिश की फुहारों ने नौतपा की तपिश को काफी हद तक कम कर दिया। मौसम में आए इस परिवर्तन का आनंद स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों, श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों ने भी लिया। धार्मिक स्थलों, नर्मदा उद्गम क्षेत्र तथा प्राकृतिक स्थलों पर पहुंचे लोगों ने बारिश के बीच अमरकंटक की मनोरम वादियों और हरियाली का आनंद उठाया।

प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध अमरकंटक में नौतपा के दौरान लगातार दूसरे दिन बदले मौसम ने लोगों को राहत पहुंचाई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दिनों में भी बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा की संभावना बनी रह सकती है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला