उज्जैन में 17 सितंबर को 25 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे शिप्रा तट के घाट

 


उज्जैन, 13 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत उज्जैन में 17 सितंबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे होने वाले इस आयोजन में जनभागीदारी से शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों और श्री महाकाल महालोक कॉरिडोर क्षेत्र में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार शाम कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

दीपोत्सव के लिए पूरे आयोजन क्षेत्र को सात प्रमुख सेक्टर और 250 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। करीब 11 हजार ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं और प्रत्येक ब्लॉक में 225 दीप लगाए जाएंगे। दीप प्रज्वलन के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर दो-दो वॉलिंटियर्स की तैनाती की जाएगी। इस तरह करीब 25 हजार वॉलिंटियर्स आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।

सात सेक्टरों में बांटा गया आयोजन क्षेत्र

आयोजन क्षेत्र में केदारेश्वर घाट से दत्त अखाड़ा होते हुए गुरु नानक घाट तक, सुनहरी घाट से रामघाट होते हुए नरसिंह घाट ब्रिज तक, नरसिंह घाट ब्रिज से कर्कराज मंदिर तक, माली कैफे से भूखी माता तक, भूखी माता से लालपुल तक, लालपुल से गऊघाट तक और कर्कराज मंदिर से लालपुल तक के क्षेत्रों को सात सेक्टरों में बांटा गया है।

इन सातों सेक्टरों को आगे 250 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सब-सेक्टर में निर्धारित संख्या के अनुसार दीप और दीप प्रज्वलन के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

हर सब-सेक्टर में मिलेगी जरूरी सामग्री

आयोजन के दौरान प्रत्येक सब-सेक्टर में दीप, मोमबत्ती, माचिस, किमची, कपूर, तेल सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक सेक्टर के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती की जा रही है, ताकि तैयारियों और आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी हो सके तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

प्रशासन के अनुसार दीपोत्सव को जीरो-वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आयोजन स्थल पर स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल