राजगढ़ः तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौके पर मौत
राजगढ़, 01 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित ग्राम भाटखेड़ी जोड़ के समीप ब्यावरा की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर समेत पचोर की ओर फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात ग्राम भाटखेड़ी निवासी बद्रीलाल (70) पुत्र देवीसिंह यादव हाइवे पार कर रहे थे। इसी दौरान ब्यावरा की तरफ से आ रहे ट्रेलर क्रमांक जेएच 05 डीवाई1192 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बद्रीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के बेटे प्रकाश यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस फरार चालक और ट्रेलर की तलाश कर रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपित चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक