राजगढ़ः कुएं में डूबने से 72 वर्षीय महिला की मौत, जांच शुरु
राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम परसुलिया में एक दर्दनाक हादसे में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला खेत पर काम करने के दौरान कुएं से पानी भरने गई थी। अचानक पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी। आसपास मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीती शाम ग्राम परसुलिया निवासी ग्यारसीबाई (72)पत्नी गोवर्धन प्रजापति अपने परिवार के साथ खेत पर काम कर रही थीं। काम के बीच वह कुएं से पानी लेने पहुंचीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गईं। घटना देखकर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें कुएं से बाहर निकाला। गंभीर हालत में ग्यारसीबाई को तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा पैर फिसलने के कारण होना सामने आया है, हालांकि महिला किन परिस्थितियों में कुएं में गिरीं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक