सागर में 'न्याय उत्सव विधिक सेवा सप्ताह' के तहत भव्य मैराथन व वॉकथॉन का आयोजन

 


सागर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में रविवार को सागर में भव्य मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 'न्याय उत्सव विधिक सेवा सप्ताह' के तहत यह रैली जिला न्यायालय परिसर से निकाली गई।

यह कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन और प्राधिकरण के सचिव संतोष सैनी के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रधान जिला न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर मैराथन एवं वॉकथॉन को रवाना किया।

इस जागरूकता दौड़ में न्यायिक, पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन में जिला मुख्यालय के समस्त न्यायाधीशगण, पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, जेल अधीक्षक आर.सी. आर्य और डीएसपी मयंक चौहान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे, सचिव जितेन्द्र राठौर, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारी, पैरालीगल वालेंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स, प्रशिक्षु पुलिस आरक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता की।

जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ हुई यह मैराथन शहर के पिंपलापुरे मार्ग, कालीचरण तिराहा और सिविल लाइन चौराहा से होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में प्रेरक स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष सैनी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे