जबलपुर : दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में एनएसयूआई का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

 


जबलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को जबलपुर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सांकेतिक अर्थी जुलूस निकाला।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का जुलूस सिविल लाइन स्थित साईं मंदिर से शुरू होकर महाकौशल महाविद्यालय की ओर बढ़ा। हालांकि, महाकौशल कॉलेज के समीप पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद कुछ देर तक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस की स्थिति बनी रही।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिविल लाइन थाने के पास पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि, बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दिल्ली में उनके युवा साथी पिछले 21 दिनों से धरने पर बैठे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजधानी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसके विरोध में उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा है।

एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि जब वे जबलपुर में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने निकले तो उन्हें भी रोकने का प्रयास किया गया। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अर्थी जुलूस को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और अन्य सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक