अनूपपुर: पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, सांसद आवास घेराव करने की कोशिश

 


अनूपपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम में सोमवार को एनएसयूआई जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और छात्रों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान और विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को कार्यकर्ताओं के साथ सांसद हिमाद्री सिंह के आवास का घेराव करने की कोशिश की, जिसे पुलिस और प्रशासन ने रास्ते में ही रोक दिया।

सांसद आवास तक जाने से रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पुष्पराजगढ़ एसडीएम वसीम अहमद भट्ट को राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और उन पर दर्ज एफआईआर को तुरंत वापस लेने की मांग की।

मृतक छात्रों के परिजनों को मुआवजे की मांग

ज्ञापन में नीट मामले से जुड़ी मौतों में 26 छात्रों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने, तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर एफआईआर दर्ज करने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला