सागरः नीट पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई ने किया उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़ीं पानी की बौछारें

 


सागर, 15 मई (हि.स.)। देशव्यापी नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर मध्य प्रदेश के सागर में शुक्रवार को डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के परिसर में एनएसयूआई (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।

एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी के नेतृत्व में छात्र विश्वविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए। जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने पुतला जलाने की कोशिश की, वहां तैनात भारी पुलिस बल ने उनसे पुतला छीनने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और तीखी झड़प होती रही।

प्रदर्शनकारी छात्र एनटीए जवाब दो और छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद जैसे नारे लगा रहे थे। जब माहौल अधिक तनावपूर्ण हो गया और छात्र शांत नहीं हुए, तो पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन (पानी की बौछार) का सहारा लिया। पानी की तेज बौछारों से प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा गया।

अध्यक्ष अक्षत कोठारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एनटीए की लापरवाही ने लाखों युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया है। उन्होंने मांग की कि नीट परीक्षा की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच हो। पेपर लीक के दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। भविष्य में परीक्षाओं की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। एनएसयूआई नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह केवल शुरुआत है। यदि केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने जल्द ही इस मामले में कोई ठोस और पारदर्शी कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में उग्र प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे