राजगढ़ः कॉलेज में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

 


राजगढ़, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं की प्रवेश सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने बुधवार को प्राचार्य डॉ. आरके. गुप्ता के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर सीटें बढ़ाने का निर्णय नहीं लिया गया तो छात्रहित में चरणबद्ध और लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। एनएसयूआई का कहना है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय की निर्धारित प्रवेश क्षमता विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में काफी कम है। इसका सबसे अधिक असर ब्यावरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मेधावी और पात्र छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है, जिन्हें सीटों के अभाव में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। संगठन ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए तत्काल सीटों में वृद्धि की मांग की है।

एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का मौलिक अधिकार है। केवल सीटों की कमी के कारण किसी भी छात्र-छात्रा को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग से मांग की कि स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों स्तरों पर प्रवेश क्षमता बढ़ाकर सभी पात्र विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन के दौरान संजय पंवार, ललित सोलंकी, अंकित दांगी, रामनिवास पंवार, विधानसभा उपाध्यक्ष लाला गुर्जर, बंटी सौंधिया, गिरिराज दांगी सहित एनएसयूआई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि समय सीमा में सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक