अनूपपुर: अब नपा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, लंबित वेतन और एरियर भुगतान की मांग
अनूपपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय नगर पालिका में रविवार को शाम सफाई कर्मियों की हडताल खत्म हुई तो अब नपा कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।
कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट के पास टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए हैं और अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। ज्ञात हो कि वेतन और एरियर की मांगों को लेकर अनूपपुर नपा के सफाईकर्मी 4 दिनों बाद आज ही काम पर लौटते ही नपा कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं।
मध्य प्रदेश नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित वेतन, एरियर भुगतान तथा नियमित वेतन आहरण की मांग उठाई है। कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष राकेश पांडे ने बताया कि इस मांग को लेकर के 24 मार्च को हुई बैठक में कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया था कि बकाया वेतन एवं एरियर राशि का शीघ्र भुगतान किया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद 26 मार्च को फिर से कर्मचारी संघ ने नपा अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर 29 मार्च तक भुगतान नहीं किए जाने पर 30 मार्च से आंदोलन की चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद बकाया भुगतान न मिलने पर ने सोमवार से अपना आंदोलन प्रारंभ कर दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। दैनिक आवश्यकताओं, बच्चों की पढ़ाई और अन्य खर्चों को लेकर परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। साथ ही, एनपीएस की राशि जमा कराने और वेतन भुगतान के संबंध में भी प्रशासन की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के चलते नगर पेयजल सहित अन्य नागरिक सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं, जिससे आमजन को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला