शामगढ़ एनआरसी में अव्यवस्थाएं उजागर, बच्चों के लिए कूलर-पंखों की कमी पर डीपीओ नाराज

 


मंदसौर, 28 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी बाबूलाल बिशनोई ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के समय केंद्र में नौ बच्चे भर्ती मिले, लेकिन गर्मी से राहत के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए।

निरीक्षण में सामने आया कि एनआरसी में बच्चों के लिए कूलर और पर्याप्त पंखों की व्यवस्था नहीं है। इस पर डीपीओ ने तत्काल कूलर और पंखे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बच्चों के पलंगों पर बिछी रंगीन बेडशीट हटाकर सफेद बेडशीट लगाने को कहा।

डीपीओ ने भर्ती बच्चों के परिजनों से चर्चा कर भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। अभिभावकों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा बच्चों को समय पर चाय, नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान केंद्र के रिकॉर्ड और अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।

अभिभावकों को संबोधित करते हुए बाबूलाल बिशनोई ने बच्चों का 14 दिन का उपचार कोर्स पूरा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिस्चार्ज के बाद भी बच्चों का नियमित फॉलोअप किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया