निवाड़ी में खड़े ट्रॉले से टकराकर डंपर में लगी आग, चालक-क्लीनर की जिंदा जलकर मौत, केबिन काटकर निकाले गए शव

 


निवाड़ी, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। बड़े तालाब के पास रात करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े ट्रॉले से टकरा गया। टक्कर के बाद डंपर के केबिन में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक और क्लीनर फंस गए और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में डंपर आग की लपटों में घिर गया। केबिन में फंसे दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाद में क्रेन की मदद से जले हुए केबिन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, दोनों करीब एक घंटे तक अंदर फंसे रहे।

मृतकों की पहचान 32 वर्षीय राजा अहिरवार और गोपाल अहिरवार के रूप में हुई है। दोनों दमोह जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र के चैनपुरा बटियागढ़ गांव के निवासी थे और आपस में पड़ोसी होने के साथ रिश्ते में जीजा-साले भी बताए जा रहे हैं। हादसे के समय वे डंपर लेकर नरसिंहगढ़ से झांसी के पारीक्षा की ओर जा रहे थे।

निवाड़ी कोतवाली टीआई बलजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आई है। सड़क किनारे खड़े ट्रॉले में पर्याप्त संकेत या लाइट नहीं थी, जिससे पीछे से आ रहे डंपर चालक को उसका अंदाजा नहीं लग सका। हादसे को और गंभीर बनाने में डंपर में भरी सीमेंट निर्माण में उपयोग होने वाली राख भी कारण बनी। टक्कर के बाद राख सड़क पर फैल गई, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई और हालात पर काबू पाना मुश्किल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य की।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। राजा अहिरवार अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि गोपाल अहिरवार की दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि गोपाल की पत्नी का कुछ वर्ष पहले ही निधन हो चुका था, ऐसे में अब उनके बच्चों की जिम्मेदारी बुजुर्ग दादा-दादी पर आ गई है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन बदहवास हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए निवाड़ी जिला अस्पताल भेजा है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे