निवाड़ी के पृथ्वीपुर में देर रात टेंट दुकान में भीषण आग, पिकअप वाहन जलकर खाक, लाखों का नुकसान

 




निवाड़ी, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश केनिवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर नगर में टीकमगढ़ रोड स्थित एक टेंट दुकान में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर दुकान के बाहर खड़ा पिकअप वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि दुकान में रखा लाखों रुपये का टेंट और सजावटी सामान भी राख में तब्दील हो गया।

घटना में टेंट व्यवसायी नंदराम साहू को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कई घंटों तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया। अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास की दुकानों और भवनों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लाखों के नुकसान का अनुमान

प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा टेंट, सजावटी सामग्री, फर्नीचर और अन्य व्यवसायिक सामान पूरी तरह जल गया। वहीं दुकान के बाहर खड़ा पिकअप वाहन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। नुकसान का सटीक आंकलन किया जा रहा है।

आग के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे