निवाली में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर 5 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बड़वानी, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के निवाली में बुधवार को लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (बीआरसी) को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने आरोपी बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक सब इंजीनियर को भी सह-आरोपी बनाया गया है।
लोकायुक्त डीएसपी सुनील तमांग के मुताबिक, शिक्षक जितेंद्र सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनके स्कूल में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 20 हजार रुपये स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि बीआरसी और सब इंजीनियर ने काम की राशि में कटौती करते हुए 5 हजार रुपये कमीशन के तौर पर मांगे। शिक्षक को कहा गया कि 15 हजार में काम पूरा करें और बाकी 5 हजार में से 2-2 हजार रुपये दोनों अधिकारियों को तथा 1 हजार रुपये अन्य स्तर पर देने होंगे।
एटीएम के पास बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया। बुधवार को शिक्षक को राजपुर स्थित एक एटीएम के पास आरोपी को रिश्वत देने भेजा गया। जैसे ही महेंद्र सिंह राठौर ने 5 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद सादी वर्दी में तैनात टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। लोकायुक्त ने आरोपी बीआरसी और संबंधित सब इंजीनियर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे