एसपीए भोपाल के 233 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां, नीति आयोग के सदस्य डॉ. जोरम अनिया होंगे मुख्य अतिथि
10 अक्टूबर को 13वां दीक्षांत समारोह, स्नातक-स्नातकोत्तर के साथ पीएच.डी. शोधार्थी भी होंगे सम्मानित
भोपाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। योजना एवं वास्तुकला विद्यालय (एसपीए), भोपाल का 13वां दीक्षांत समारोह 10 अक्टूबर 2026 को संस्थान परिसर स्थित ओपन एयर थिएटर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. जोरम अनिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर संस्थान के 233 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 108 स्नातक, 124 स्नातकोत्तर और एक पीएच.डी. शोधार्थी शामिल हैं। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित भी किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्रियां एवं पदक मुख्य अतिथि डॉ. जोरम अनिया और एसपीए भोपाल के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. एच. डी. चारण प्रदान करेंगे। समारोह संस्थान के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और वास्तुकला एवं नियोजन के क्षेत्र में उनके प्रशिक्षण की पूर्णता का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
निदेशक प्रस्तुत करेंगे संस्थान की रिपोर्ट
समारोह के दौरान एसपीए भोपाल के निदेशक प्रो. (डॉ.) कैलाश राव एम. संस्थान की निदेशक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसमें संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण सामने रखा जाएगा। संकायाध्यक्ष (शैक्षणिक) प्रो. रमा पांडे समारोह के आयोजन का समन्वय करेंगी। इस दौरान बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, सीनेट सदस्य और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।
अभिभावकों को भी आमंत्रण
दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन की तैयारियों के तहत स्नातक विद्यार्थियों के लिए 9 अक्टूबर, शुक्रवार को रिहर्सल आयोजित की जाएगी। संस्थान में समारोह को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी