राजगढ़ः कार की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल

 


राजगढ़, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और आरोपित कार चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उभापान निवासी ईश्वर सौंधिया (32) पुत्र नारायणसिंह सौंधिया अपनी पत्नी के साथ किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर गांव लौट रहे थे। रास्ते में पीपल्दा गांव के पास उनके मोबाइल पर कॉल आया। इस पर ईश्वर ने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और फोन पर बात करने लगे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईश्वर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक