सागर को मिली ऐतिहासिक सौगात, रीवा-सागर-नागपुर-हैदराबाद नई स्थायी ट्रेन सेवा को मिली मंजूरी

 


सागर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल और विशेष रूप से सागर लोकसभा क्षेत्र की जनता की दशकों पुरानी मांग को आखिरकार केंद्र सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है।

आजादी के समय से ही मध्य प्रदेश के तमाम जनप्रतिनिधियों और आम जनता द्वारा सागर को दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों, विशेषकर नागपुर और हैदराबाद से सीधे रेल मार्ग द्वारा जोड़ने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। यह बहुप्रतीक्षित सपना अब सागर की सांसद डॉ. लता वानखेड़े के कार्यकाल में हकीकत में बदल गया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से रीवा–सागर–नागपुर–हैदराबाद (चारलापल्ली) के मध्य नई नियमित (स्थायी) ट्रेन सेवा को स्वीकृति प्रदान की है। इस नई ट्रेन सेवा को रेलवे द्वारा ट्रेन संख्या 20158/20157 आवंटित की गई है। यह एक पूर्णतः स्थायी और नियमित सेवा होगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को अब दक्षिण भारत जाने के लिए ट्रेनों के बदलने या लंबी प्रतीक्षा सूची की झंझट से मुक्ति मिलेगी।

इस नई ट्रेन सेवा का सबसे बड़ा लाभ सागर लोकसभा क्षेत्र के मुख्य केंद्रों को मिलेगा। रेलवे टाइमटेबल के अनुसार, इस ट्रेन का सागर और बीना जैसे प्रमुख और व्यस्त रेलवे स्टेशनों पर नियमित ठहराव रहेगा। इससे न केवल सागर शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के यात्रियों के लिए भी कनेक्टिविटी में एक ऐतिहासिक सुधार होने जा रहा है।

रेलवे विशेषज्ञों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस डायरेक्ट ट्रेन सेवा के शुरू होने से कई क्षेत्रों में विकास के नए द्वार खुलेंगे, सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग गंभीर बीमारियों के इलाज और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए नागपुर और हैदराबाद जाते हैं। सीधी ट्रेन होने से मरीजों और उनके परिजनों का सफर बेहद सुगम और किफायती हो जाएगा। हैदराबाद भारत का एक प्रमुख आईटी हब है। सागर क्षेत्र के सैकड़ों युवा वहां सॉफ्टवेयर और तकनीकी क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जिन्हें अब घर आने-जाने में सीधी सुविधा मिलेगी। नागपुर और हैदराबाद दोनों ही बड़े व्यापारिक और शैक्षणिक केंद्र हैं। इस ट्रेन के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को नए बाजार मिलेंगे और छात्रों के लिए उच्च शिक्षा की राह आसान होगी।

यह ऐतिहासिक उपलब्धि साफ तौर पर दर्शाती है कि वर्षों से लंबित पड़े इस मामले को सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कितनी संजीदगी से लिया। उनके सतत प्रयासों, बार-बार की गई पैरवी और प्रभावी पहल के कारण ही इसे उनके कार्यकाल में अमलीजामा पहनाया जा सका है। क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक विश्लेषक इसे सागर लोकसभा क्षेत्र के विकास में एक बड़ा मील का पत्थर मान रहे हैं।

इस बड़ी सौगात और महत्वपूर्ण निर्णय के बाद सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने देश के दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सेवा सागर के विकास को एक नई गति देगी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के तहत बुंदेलखंड को बुनियादी ढांचे के मामले में और मजबूत करेगी। स्थानीय जनता और रेल उपभोक्ताओं में भी इस घोषणा के बाद से भारी उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे