राजगढ़ः नेहरुजी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

 


राजगढ़, 27 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में ब्लॉक शहर एवं मंडलम कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में बुधवार को मातामंड चैराहे पर महान स्वतंत्रता सेनानी, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पं. जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेस जनों ने नेहरूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू की लोकतंत्र की मजबूत समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता की विचारधारा ने भारत को एक आधुनिक, प्रगतिशील व समावेशी राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उपस्थित नेताओं ने संकल्प लिया कि वे नेहरू जी की सोच और सिद्धांतों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आगामी सभी जयंती और पुण्यतिथि कार्यक्रमों का आयोजन मंडलम, वार्ड एवं पंचायत स्तर पर नियमित रूप से करेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोंधिया, पूर्व नपा अध्यक्ष डॉ. भारत वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र यादव,युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन अरोरा,आफताब खान,नेता प्रतिपक्ष ज्ञानु विजयवर्गीय, लक्की दांगी, जगदीश सेन, मंडलम अध्यक्ष यूनुस मोहम्मद,राजू वर्मा,समीर खान,संजय बंसल, फूलसिंह वर्मा, फरीद भाई, घनश्याम वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक