राजगढ़ः नेहरू जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन, बोले- उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा

 


राजगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को मांगलिक भवन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस दौरान कांग्रेसजनों ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता के बाद देश को विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में शिक्षा, वैज्ञानिक सोच, औद्योगिकीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत आधार मिला। आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के प्रति नेहरू जी के विशेष स्नेह के कारण ही उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके विचार, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी प्रासंगिक है। नेहरू जी के बताए मार्ग पर चलकर संविधान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु देव शास्त्री, पार्षद ज्ञानू विजयवर्गीय, कैलाश कुशवाहा, गिरिराज शाक्यवार, फरीद भाई, सिद्धार्थ तिवारी, जगदीश सेन, राहुल जाटव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक