नीमच में ट्रैक्टर की टक्कर से 11 वर्षीय बच्चे की मौत, तीन घायल, टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
नीमच, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा जीरन पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, तालखेड़ा निवासी जुनैद (9) पुत्र अकबर खान, समीर (11) पुत्र अकबर खान, अरबाज खान (24) पुत्र इनायत खान और निकुम चौराहा निवासी इस्माइल खान (17) पुत्र अजीज खान एक ही बाइक से हरकियाखाल घूमने गए थे। दोपहर में सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जीरन पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चारों सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। करीब आधे से एक घंटे बाद राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जीरन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चारों को नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 11 वर्षीय समीर को मृत घोषित कर दिया। जुनैद, अरबाज और इस्माइल का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर जीरन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे