राजगढ़ः सीजीडी जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित, प्राकृतिक गैस नेटवर्क विस्तार पर जोर
राजगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में गुरुवार को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में प्राकृतिक गैस एवं सिटी गैस नेटवर्क के विस्तार, निर्माण, संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में आगामी तीन माह में पाइपलाइन आधारित प्राकृतिक गैस नेटवर्क की स्थापना के लक्ष्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने थिंक गैस कंपनी को उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जीआईएस मैप पर गैस पाइपलाइन की अद्यतन जानकारी दर्ज कर पीएम गति शक्ति पोर्टल पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे मॉनिटरिंग और समन्वय बेहतर हो सके।
कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का समय- सीमा में निराकरण करने तथा जिला आपूर्ति अधिकारी को प्रतिदिन प्रगति समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि राजगढ़ और ब्यावरा में लगभग 300 उपभोक्ताओं ने कनेक्शन उपयोग बंद कर दिया है, जबकि 1000 उपभोक्ताओं ने अभी तक गैस उपयोग प्रारंभ नहीं किया है। कलेक्टर ने ऐसे उपभोक्ताओं को जागरूक करने एवं वार्डवार सूची नगरपालिकाओं को देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परियोजना अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, प्रतिनिधि जीआईएस षाखा, थिंक गैस कंपनी के प्रतिनिधि, जिला आपूर्ति अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक