राष्ट्रीय कैनोइंग-कयाकिंग चैंपियनशिप में सागर की बेटियों का जलवा
सागर, 11 जुलाई (हि.स.)। विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनोइंग और कयाकिंग ट्रैक चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली सागर की तीन बेटियों का शनिवार को सम्मान किया गया। सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ और मेडल भेंट कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी तथा इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सागर की खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। भूमिका राय ने कैनोइंग की सी-2 (500 मीटर) स्पर्धा में रजत पदक और सी-4 (1000 मीटर) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं रोशनी पटेल ने कयाकिंग की 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। रजनी रैकवार ने 1000 मीटर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देकर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलने पर प्रदेश की बेटियां देशभर में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को सागर में वॉटर स्पोर्ट्स के लिए नई शुरुआत बताया।
विधायक जैन ने कहा कि शहर की ऐतिहासिक झीलों के संरक्षण और विकास के साथ जल क्रीड़ा गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। इससे आने वाले समय में सागर से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और कोच का मार्गदर्शन ही खिलाड़ियों की सफलता की मजबूत नींव होता है।
सम्मान समारोह में हिंदी साहित्य कला अकादमी के अध्यक्ष पलाश सुरजन, दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, मुख्य प्रशिक्षक आकाश तिवारी सहित खेल प्रेमी, खिलाड़ी और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे