पीतांबरा पीठ पर मंगलवार से राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी, ‘तन्त्रागम साधना‘ पर होगा मंथन
दतिया, 03 अगस्त (हि.स.)। श्री पीताम्बरा पीठ संस्कृत महाविद्यालय, दतिया एवं कालिदास संस्कृत अकादमी, उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में 4 एवं 5 अगस्त को दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। ‘तन्त्रागम साधना एवं श्री पीताम्बरा पीठ’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर के 40 से अधिक विद्वान अपने शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरेन्द्र कुमार भार्गव ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य राष्ट्रगुरु स्वामीजी महाराज के आदर्शों और उद्देश्यों का प्रसार करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, तंत्र साधना तथा श्री पीताम्बरा पीठ की आध्यात्मिक विरासत पर गंभीर अकादमिक विमर्श को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र 4 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे आयोजित होगा, जबकि समापन सत्र 5 अगस्त को दोपहर 1 बजे से होगा। दोनों दिनों में विभिन्न तकनीकी सत्रों के माध्यम से शोधार्थी और विद्वान अपने शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे तथा विषय से जुड़े विविध आयामों पर विचार-विमर्श करेंगे।
आयोजकों के अनुसार राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षाविद, शोधकर्ता और संस्कृत अध्ययन से जुड़े विद्वान सहभागिता करेंगे। आयोजन को लेकर शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा