राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में जयपुर में पहले दिन करीब 1.95 लाख बच्चों ने पी दो बूंद जिंदगी की

 




जयपुर, 28 जून (हि.स.)। जिले में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय क्षेत्र के हजारों पोलियो बूथों पर अभिभावकों ने उत्साह के साथ अपने नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई। अब 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी।

जयपुर द्वितीय के उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि जिले में 2647 बूथों एवं अन्य स्थलों पर नवजात से पांच वर्ष तक के 1 लाख 94 हजार 704 बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन पिलाई गई। इस क्षेत्र में कुल 4 लाख 26 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

आरसीएचओ डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि अभियान के लिए 14,546 वैक्सीनेटर, 816 सुपरवाइजर, 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। कुल 15,362 कार्मिक अभियान में सेवाएं दे रहे हैं, जो अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर वंचित बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। वहीं जयपुर प्रथम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जिले के सभी पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को खुराक पिलाई गई। अब 29 और 30 जून को विभाग की मोबाइल टीमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।

आरसीएचओ डॉ. आशा मीणा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए वैक्सीनेटर, सुपरवाइजर और मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा पहले दिन पोलियो की खुराक नहीं ले पाया है, तो आगामी दो दिनों में घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों को सहयोग करें और प्रत्येक बच्चे को 'दो बूंद जिंदगी की' अवश्य पिलाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश