खबर का असर - निगमायुक्त कलेक्टर ने त्वरित संज्ञान लेकर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को बचाया

 


जबलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। तिलवारा घाट स्थित 71 मीटर ऊंचे लगे विशाल राष्ट्रीय ध्वज के खंडित होने की खबर के प्रकाशन होने के 10 घंटे के भीतर नया राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया गया। हिंदुस्थान समाचार में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशित होते ही निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने हिंदुस्थान समाचार में संपर्क करने के साथ ही यह बताया कि शीघ्र ही नया राष्ट्रीय ध्वज गरिमा के अनुरूप लगाया जा रहा है।

इसके साथ ही सोमवार दोपहर के बाद नया राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया गया। जिसकी सूचना नगर निगम कमिश्नर में हिंदुस्थान समाचार को चित्र सहित पहुंचाई। नया राष्ट्रीय ध्वज लगते ही नागरिकों ने धन्यवाद ग्यापित किया है। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य में इसके रखरखाव को लेकर प्रशासन से सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से तिलवारा घाट स्थित त्रिपुरी स्मारक के पास राष्ट्रीय ध्वज जिसकी ऊंचाई लगभग 71 मीटर है खंडित अवस्था में लहरा रहा था। जिसका समाचार हिंदुस्थान समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस समाचार के प्रकाशित होते ही जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने इसको तत्काल संज्ञान में लिया था। इसके बाद उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान हेतु नया ध्वज लगाने का आदेश जारी किया था। इस आदेश के बाद आनन फ़ानन में प्रशासन की टीम जुट गई एवं कुछ घंटे के अंदर ही नया राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया गया।

जितनी गंभीरता से कलेक्टर एवं नगर निगम कमिश्नर ने ध्वज के सम्मान को लिया है, उसके लिए उतनी ही उदासीनता जनप्रतिनिधियों ने दिखाई। इस मामले में केवल नगर निगम में सचेतक पार्षद अयोध्या तिवारी ने इसके लिए संबंधियों को कार्रवाई के लिए कहा था एवं इस अपमान के लिए महापौर को जिम्मेदार बताया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक