राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा के साथ संयुक्त सेवा परीक्षा 12 अप्रैल को

 


- इंदौर में 13 परीक्षा केन्द्रों पर 5493 परीक्षार्थी होंगे शामिल, चेहरे का होगा प्रमाणीकरण

इंदौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और नौसेना अकादमी (NA) परीक्षा-(I) 2026 के साथ संयुक्त सेवा (CDS) परीक्षा-(I) 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक बैठक संभागायुक्त कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने की।

बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने बताया कि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा-(I) 2026 के साथ संयुक्त सेवा परीक्षा-(I) 2026 संघ लोक सेवा आयोग की प्रमुख परीक्षा है। यह परीक्षा 12 अप्रैल रविवार को इंदौर के 13 उप केन्द्रों पर दो/तीन सत्रों में आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में 5493 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी की परीक्षा दो सत्रों में होगी। जिसका समय प्रात: 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तथा दोपहर 2 बजे सायं 4.30 बजे तक रहेगा। संयुक्त सेवा परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक, दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे रहेगा।

उक्त परीक्षा का संपूर्ण प्रभार हेतु संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक अधिकारी बनाया गया है, जबकि उपायुक्त राजस्व श्रीमती सपना एम लोवंशी को प्रभारी परीक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के सुचारू संचालन के निरीक्षण हेतु संघ लोक सेवा आयोग नईदिल्ली द्वारा विशेष कर्तव्यवस्थ अधिकारी एन आर राव एवं चिकित्सा सलाहकार डॉ. डी.के सेठ एवं वरिष्ठ मण्डल सामग्री प्रबंधक रतलाम अमीर यादव को निरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही सभी 13 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पूर्ण व्यवस्था हेतु स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों (LIO) की नियुक्ति की गई है।

बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पानी, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा और अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाये। सभी केन्द्रों पर सशस्त्र गार्ड नियुक्त किये जाये। सभी केन्द्रों पर फिस्किंग के लिए मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था की जाये। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी द्वारा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक आइटम, मोबाईल, केलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, डिजिटल वॉच, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, पुस्तकें, बैग, लाइटर एवं माचिस इत्यादि परीक्षा कक्ष में लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।

संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के चेहरे का प्रमाणीकरण होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व प्रवेश द्वार बंद हो जायेगा। परीक्षार्थी अपना सामान बैग, मोबाइल इत्यादि परीक्षा केन्द्र के बाहर रखेंगे। परीक्षार्थी द्वारा लायी गई कोई भी कीमती सामग्री परीक्षा केन्द्र के परिसर में नहीं रखी जायेगी।

बैठक में उपायुक्त सपना एम लोवंशी सहित संघ लोक सेवा आयोग दिल्ली के चिकित्सा सलाहकार डॉ. डी.के सेठ, विशेष कर्तव्यथ अधिकारी एन.आर. राव, सहायक आयुक्त लिटिगेशन रेखा सचदेव, डी.के. गुप्ता सहित सहायक केन्द्राध्यक्ष, स्थानीय निरीक्षण अधिकारी एवं नगर निगम, मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल, डाक विभाग, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर