झाबुआ: स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुक़सान पहुँचाता है नशा- एसपी

 






झाबुआ, 26 जुलाई (हि.स.)। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुँचाता है, साथ ही यह अपराधों की वृद्धि, पारिवारिक विघटन एवं सामाजिक असुरक्षा का भी प्रमुख कारण बनता है।

यह बात मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने रविवार को अनुविभागीय मुख्यालय थांदला सहित ग्राम मियाटी एवं बड़ी धामनी में नशे से दूरी है बहुत जरुरी अभियान के अंतर्गत थांदला पुलिस और सामाजिक संस्था उदय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में कही।

एसपी देवेंद्र पाटीदार ने सामुदायिक पुलिसिंग पहल के अंतर्गत आयोजित किशोर आत्मरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम के समापन अवसर पर थांदला पुलिस एवं सामाजिक संस्था उदय के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के तहत उपस्थित आमजन को ड्रग्स, नशीली दवाइयों एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से अवगत कराते हुए उपस्थित नागरिकों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने का आव्हान करते हुए कही। उन्होंने मौजूद लोगों को अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को ड्रग्स, नशीली दवाइयों, गांजा, अफीम तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज की स्थापना करना है।

एसपी ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एसडीओपी थांदला श्री राजेश सूलिया, रक्षित निरीक्षक झाबुआ श्री अखिलेश राय, थाना थांदला प्रभारी निरीक्षक श्री अशोक कनेश, रक्षा सखी टीम एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

अभियान को अधिक प्रभावी एवं जन-जन तक पहुँचाने के लिए झाबुआ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्री एवं प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नोमद इंडिया वाला ने भी झाबुआ पुलिस के साथ जुड़कर इस अभियान को समर्थन दिया तथा विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।

अभियान के तहत एक तरफ जहां आज झाबुआ पुलिस की रक्षा सखी टीम एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन के लाभ तथा सामाजिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया जा रहा है, तथा जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेशों एवं जनसंवाद के जरिए नागरिकों तक अभियान का संदेश प्रभावी रूप से पहुँचाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों, प्रमुख बाजारों एवं साप्ताहिक हाट-बाजारों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, तथा पुलिस की टीमों द्वारा व्यापारियों, दुकानदारों, ग्राहकों एवं ग्रामीण नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा