राजगढ़ः नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान शुरू,पुलिस ने ली नशामुक्त समाज बनाने की शपथ

 


राजगढ़,14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित रवींद्र भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की। इसका सीधा प्रसारण राजगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम सहित जिले के सभी पुलिस थानों में देखा गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी ली।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं नशे से दूर रहने, युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम सभाओं, सार्वजनिक स्थलों और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक उर्मिला चैहान, रक्षित निरीक्षक दीपक रघुवंशी सहित जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी मीडिया मौजूद रहे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान से जुड़कर स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक