राजगढ़ःनशे के खिलाफ एकजुट हुआ ब्यावरा,विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त समाज बनाने की शपथ

 


राजगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में 15 से 30 जुलाई तक चलाए गए नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का गुरुवार को ब्यावरा के एक निजी विद्यालय में प्रेरणादायी समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस, प्रशासन, शिक्षा जगत और विद्यार्थियों ने एक मंच पर आकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, क्विज प्रतियोगिता और नशामुक्ति शपथ ने पूरे आयोजन को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बना दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले, अतिरिक्त सीईओ अर्पित गुप्ता, एसडीएम गोविंद दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सोनाली डावर, थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान, विद्यालय संचालक योगेश अग्रवाल सहित पुलिस, प्रशासन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे विद्यार्थियों के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इससे बचाव केवल कानून से नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जागरूकता से संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। समारोह में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता गीतों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक