नरसिंहपुर: रिटायर्ड सहायक निरीक्षक के घर ईओडब्ल्यू का छापा, आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई

 


मकान, प्लॉट, कृषि भूमि समेत करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज खंगाले

नरसिंहपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने शुक्रवार सुबह गाडरवारा में नगर पालिका के सेवानिवृत्त सहायक निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के घर छापामार कार्रवाई की। विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद शुरू हुई कार्रवाई में अधिकारियों ने मकान, जमीन, वाहन, बैंक एवं वित्तीय दस्तावेजों सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की।

सुबह करीब 15 से 20 सदस्यीय ईओडब्ल्यू टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ एमपीईबी कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंची। टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों, संपत्तियों और वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। कार्रवाई की सूचना फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। ईओडब्ल्यू के डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि योगेंद्र ढिमोले लखनादौन नगर पालिका में पदस्थापना के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (प्रभारी) का दायित्व भी संभाल चुके हैं और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने पर प्रारंभिक जांच की गई थी। जांच में पर्याप्त तथ्य मिलने के बाद विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर छापे की कार्रवाई की गई।

जांच में सामने आई कई संपत्तियां

प्रारंभिक जांच में गाडरवारा में दो प्लॉटों पर निर्मित मकान, लखनादौन में एक मकान और एक खाली प्लॉट, दो कृषि भूमि, बेटे के नाम पर एक दुकान, एक कार, एक थार एसयूवी, तीन मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा एक मिक्सर मशीन सहित कई चल-अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। ईओडब्ल्यू टीम इन संपत्तियों के स्वामित्व और बाजार मूल्य का सत्यापन कर रही है।

नकदी और आभूषणों का भी हो रहा मूल्यांकन

छापे के दौरान मिले नकद राशि, आभूषण और अन्य कीमती सामान का भी आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित अधिकारी ने अपनी वैध आय की तुलना में कितनी अधिक संपत्ति अर्जित की है। मकान, प्लॉट, कृषि भूमि समेत करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज खंगाले ईओडब्ल्यू के अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे