नरसिंहपुर: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, जीजा-साली की मौत, लड्डू बांटकर लौट रहे थे, एक गंभीर घायल

 


नरसिंहपुर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के मूनलाइट गार्डन के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हाे गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लाेगाें काे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और करीब 20 मीटर तक घसीटते रहे।हादसे में बाइक सवार जीजा साली की माैत हाे गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मानसी धानक (9) और नर्मदापुरम निवासी सोमनाथ धानक (22) के रूप में हुई है। वहीं रायसेन निवासी हल्के धानक गंभीर रूप से घायल हैं। उनके सिर, मुंह और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, रायसेन निवासी हल्के धानक के घर कुछ दिन पहले बच्चे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में रिश्तेदारों के बीच लड्डू बांटने के लिए परिवार के सदस्य खमरिया गांव पहुंचे थे। रविवार को मानसी, सोमनाथ और हल्के बाइक से रिश्तेदारों के यहां मिठाई बांटकर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे मंडी रोड स्थित मूनलाइट गार्डन के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक एमपी-09 एचजी-8327 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी। तीनों सवार सड़क पर उछल पड़े। इससे पहले कि वे संभल पाते, ट्रक का पहिया मानसी और सोमनाथ के ऊपर से गुजर गया।

थाना प्रभारी सौरभ पटेल के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार बच्ची के शरीर के टुकड़े सड़क पर चिपक गए। उसकी माैके पर ही माैत हाे गई। जबकि गंभीर रूप से घायल सोमनाथ को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से ले जा रहे थे, लेकिन गोटेगांव के पास रास्ते में उनकी मौत हो गई। हल्के सड़क के दूसरे छोर पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हल्के धानक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सड़क हादसे से परिवार में मातम

बच्चे के जन्म की खुशियां मातम में बदल गईं। एक ही हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे