दतिया : भाजपा प्रत्याशी बदलने पर बवाल, नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से की शांति बनाए रखने की अपील

 


दतिया, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्याशी बदलने के फैसले के बाद जिले में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज समर्थकों ने शुक्रवार शाम दतिया-झांसी हाईवे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो पूरी रात जारी रहा। शनिवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई कर मार्ग खाली कराया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, पथराव और आंसू गैस के गोले छोड़ने की घटनाएं भी सामने आईं।

प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार शाम से ही दतिया-झांसी हाईवे पर डेरा डाल दिया था। वे डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारेबाजी करते हुए पार्टी से प्रत्याशी बदलने का फैसला वापस लेने की मांग कर रहे थे। प्रशासन द्वारा कई बार समझाइश देने के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।

शनिवार तड़के भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हाईवे खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव भी हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारी, जवान और कुछ भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज नहीं किया गया।

करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस ने हाईवे से जाम हटाकर यातायात बहाल कराया। प्रशासन के मुताबिक, चक्का जाम के कारण दतिया-झांसी मार्ग पर लगभग 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था, जिसमें यात्री बसें और एंबुलेंस भी फंस गई थीं।

दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। पांच से छह ट्रकों के शीशे तोड़े गए, कुछ वाहनों को पलट दिया गया, एसडीओपी के वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया तथा एक पुलिस वाहन भी पलट दिया गया। दूसरी ओर प्रदर्शन में शामिल कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। स्थिति को देखते हुए शहर के कई व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद रखीं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में धारा 163 लागू कर दी गई है। बिना अनुमति सभा, जुलूस और प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है तथा पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। दतिया भाजपा जिला कार्यालय सहित संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए हैं।

नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से की संयम बरतने की अपील

घटनाक्रम के बीच पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया देते हुए अपने समर्थकों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण पार्टी नेतृत्व का निर्णय है और सभी कार्यकर्ताओं को उसका सम्मान करना चाहिए। सोशल मीडिया पर कुछ समर्थकों द्वारा आत्मदाह का प्रयास करने संबंधी वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि कोई भी कार्यकर्ता उग्र कदम न उठाए और पार्टी की गरिमा बनाए रखे। शनिवार शाम को डॉ. नरोत्तम मिश्रा भोपाल पहुंचे जहां वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात भी कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर युवा नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया है। इसके बाद से जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग में नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और स्थिति सामान्य होने का दावा कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा