जबलपुरः 'नर्मदा संवाद' जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
जबलपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् जिला जबलपुर एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को परिषद् की संवाद योजनांतर्गत रेवा सेवा समागम 'नर्मदा संवाद'(वक्ता उन्मुखीकरण) जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन कार्यालय जिला पंचायत सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि डॉ वीरेंद्र व्यास निदेशक प्रशासन म.प्र.जन अभियान परिषद् भोपाल, शिव नारायण पटैल प्रदेश सलाहकार जन अभियान परिषद्, मनोज जोशी क्षेत्र समन्वयक नर्मदा समग्र, घनश्याम रायपुरिया जिला समन्वयक जन अभियान परिषद् द्वारा माँ नर्मदा एवं भारत माता के तैल चित्र पर पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
डॉ वीरेंद्र व्यास द्वारा नर्मदा नदी के सदा नीरव, अविरलता के लिए नर्मदा एवं सहायक नदियों का संरक्षण विषय पर मार्गदर्शन के साथ इस हेतु जिला में करणीय कार्य (कब,कैसे,कहां,कौन) विषय पर परिचर्चा करते हुए कार्ययोजना पर संवाद किया गया।
परिषद् के सलाहकार शिव नारायण पटैल द्वारा नदी स्वास्थ्य विषय पर प्रकाश डालते हुए नदियों के संवर्धन हेतु वृक्षारोपण एवं नदी तटीय क्षेत्र में जल व पर्यावरण संरक्षण संवर्धन हेतु किए जा रहे छोटे छोटे प्रयासों को बहुत महत्वपूर्ण बताया, मनोज जोशी क्षेत्र समन्वयक नर्मदा समग्र द्वारा नर्मदा पथ एवं नर्मदा परिक्रमा वासी,नर्मदा जल ग्रहण क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि विषय पर विस्तार से संवाद कर समस्त प्रतिभागियों से समूह वार चर्चा की गई। साथ ही सहायक एवं मुख्य नदियों में नालों को नहीं मिलने देना नदी स्वास्थ्य के लिए अति आवश्यक कार्य बताया।
जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया जी द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा से परिचित कराया गया एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए मां नर्मदा नदी की निर्मलता स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखने किए जाने वाले कार्यों हेतु जन अभियान परिषद् का इसी प्रकार सदैव साथ देने का आग्रह किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक