नर्मदापुरम का बाबई खुर्द 15 दिन से अंधेरे में, ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीण परेशान
नर्मदापुरम, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरमजिले के बाबई खुर्द गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद अब तक उसे दुरुस्त नहीं किया गया है। बारिश के मौसम में बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर सोमेश मिश्रा के सामने समस्या रखकर ट्रांसफार्मर जल्द ठीक कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब हुए करीब 15 दिन हो चुके हैं। बिजली कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि उनसे पहले बिजली बिल जमा करने के लिए कहा जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं होने से घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
आठ दिन पहले किया था चक्काजाम
बिजली समस्या को लेकर बाबई खुर्द के ग्रामीण करीब आठ दिन पहले इटारसी-जमानी रोड पर चक्काजाम भी कर चुके हैं। ग्रामीणों का प्रदर्शन दो घंटे से अधिक समय तक चला था। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से चर्चा की थी। ग्रामीणों के मुताबिक, उस समय बिजली की डीपी बदलने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने सड़क से प्रदर्शन समाप्त किया था। हालांकि, इसके बावजूद बिजली आपूर्ति की समस्या दूर नहीं होने से ग्रामीणों ने दोबारा प्रशासन से गुहार लगाई। गांव की गंगाबाई ने बताया कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परीक्षा के समय रात में पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में अंधेरे के कारण मच्छर और कीड़ों की समस्या भी बनी रहती है।
बिजली कंपनी का पक्ष- गांव पर करीब 13 लाख रुपये बकाया
बिजली कंपनी के डीजीएम संदीप पांडे के अनुसार, बाबई खुर्द के उपभोक्ताओं पर करीब 13 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। उनका कहना है कि मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं द्वारा बकाया राशि का अपेक्षित भुगतान नहीं किया गया है। कंपनी के मुताबिक, नियमानुसार कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत जमा होने या कम से कम 50 प्रतिशत उपभोक्ताओं द्वारा अपने बिजली बिल का भुगतान करने की स्थिति में ट्रांसफार्मर की मरम्मत की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
वैदिक विहार में स्थायी बिजली कनेक्शन की मांग
जनसुनवाई में माखननगर रोड स्थित वैदिक विहार कॉलोनी देवभूमि परिसर फेस-3 के रहवासी भी बिजली समस्या को लेकर पहुंचे। उन्होंने कॉलोनाइजर और डेवलपर पर कॉलोनी में विद्युतीकरण का काम पूरा नहीं कराने का आरोप लगाते हुए स्थायी बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग की। रहवासियों के अनुसार, कॉलोनाइजर और डेवलपर राजू चौरे व मुकेश श्रीवास्तव से कई बार विद्युतीकरण कराने की मांग की गई, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हुआ। उनका कहना है कि अस्थायी मीटर से बिजली आपूर्ति होने के कारण उन्हें अपेक्षाकृत अधिक बिल का भुगतान करना पड़ रहा है।
डेवलपर मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि नई बिजली लाइन के लिए आवेदन किया जा चुका है और खंभे भी लगाए जा चुके हैं। उनका कहना है कि जल्द ही विद्युतीकरण का काम पूरा कर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
पांच साल से एरियर्स के भुगतान का इंतजार
जनसुनवाई में पिपरिया निवासी अर्चना कौशल और अजय कौशल ने अपने दिवंगत पिता सत्यनारायण कौशल के छठवें वेतनमान के एरियर्स का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। परिजनों के मुताबिक, वे पिछले करीब पांच वर्षों से भुगतान के लिए प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मामले में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक एरियर्स की राशि का भुगतान नहीं हो सका। मंगलवार को उन्होंने एडीएम राजेश शुक्ला के समक्ष शिकायत रखी। एडीएम ने मामले में आवश्यक कार्रवाई कर भुगतान कराने का आश्वासन दिया। परिजनों ने बताया कि उनके माता-पिता दोनों का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे